वादे पूरे न होने का आरोप लगा Padmini Thomas ने छोड़ी BJP, कांग्रेस में वापसी का एलान

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पूर्व भारतीय एथलीट पद्मिनी थॉमस ने वादे पूरे न किए जाने का आरोप लगाते हुए भाजपा की केरल इकाई के अल्पसंख्यक मोर्चा उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने और कांग्रेस में लौटने का निर्णय लिया है। उन्होंने तिरुवनंतपुरम में कहा कि दो साल के जुड़ाव के दौरान पार्टी ने उन्हें खेल या राजनीति में योगदान देने का अवसर नहीं दिया।

पूर्व भारतीय एथलीट पद्मिनी थॉमस ने शुक्रवार को भाजपा छोड़ने की घोषणा करते हुए आरोप लगाया कि पार्टी उनसे किए गए वादे पूरे करने में विफल रही है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा की मौजूदा उपाध्यक्ष थॉमस ने कहा कि वह शुक्रवार को ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर को अपना इस्तीफा सौंप देंगी। उन्होंने कांग्रेस में लौटने की भी घोषणा की और पार्टी को अपना परिवार बताया।

हाल में स्थानीय निकाय चुनाव में हार का सामना करने वाली थॉमस ने कहा कि वह खेल या राजनीति के क्षेत्र में योगदान देने की उम्मीद से भाजपा में शामिल हुई थीं, लेकिन पार्टी के साथ दो साल के जुड़ाव के दौरान वह ऐसा नहीं कर सकीं। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, मैं आज ही अपना इस्तीफा सौंप दूंगी। जब मैं भाजपा में शामिल हुई थी, तो मुझे उम्मीद थी कि मैं खेल या राजनीति के क्षेत्र में कुछ कर सकूंगी।

लेकिन इन दो वर्षों में मैं कुछ नहीं कर पाई। थॉमस ने कहा कि वह किसी खास वादे के आधार पर भाजपा में शामिल नहीं हुई थीं, लेकिन पार्टी का हिस्सा बनने के बाद नेतृत्व की ओर से उन्हें कई आश्वासन दिए गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने उन्हें विधानसभा चुनाव में टिकट देने या खेल क्षेत्र में कोई महत्वपूर्ण पद देने का वादा किया था, लेकिन इनमें से कोई भी पूरा नहीं हुआ।

उन्होंने यह भी कहा कि अल्पसंख्यक मोर्चा उपाध्यक्ष के मौजूदा पद पर रहते हुए उन्हें योगदान देने का कोई अवसर नहीं मिला। थॉमस ने यह घोषणा पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता के. करुणाकरण की बेटी पद्मजा वेणुगोपाल के भाजपा छोड़कर कांग्रेस में लौटने की घोषणा के एक दिन बाद की है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़