GTA 6 के जरिए BJP ने दिखाया देश का विकास, संप्रग पर साधा निशाना तो कांग्रेस ने किया पलटवार

भाजपा ने वीडियो गेम जीटीए 6 की लोकप्रियता का इस्तेमाल करते हुए सोशल मीडिया पर अपनी सरकार के विकास कार्यों का प्रचार किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 10 तस्वीरें साझा कर 2013 से अब तक देश की प्रगति की तुलना की, जिस पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने तंज कसा है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने वीडियो गेम ‘ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 6’ (जीटीए 6) के लॉन्च की लोकप्रियता का फायदा उठाते हुए इसकी तस्वीरों और प्रतीकों का इस्तेमाल अपनी सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को दिखाने और कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार पर निशाना साधने के लिए किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘‘भारत अब एक बिल्कुल नया खेल खेल रहा है।’’ इसके साथ ही उन्होंने 10 चित्र साझा किए, जिनका शीर्षक था- ‘जीटीए 5 और 6 के बीच भारत ने इस तरह प्रगति की।’ मोदी ने इन चित्रों के जरिए वीडियो गेम के दोनों संस्करणों के बीच तुलना करते हुए भारत में विकास के विभिन्न पैमानों में आए बदलावों का उल्लेख किया। ग्रैंड थेफ्ट ऑटो (जीटीए) एक लोकप्रिय वीडियो गेम शृंखला है।
इसके पांचवें और छठे संस्करण को क्रमशः ‘जीटीए 5’ और ‘जीटीए 6’ कहा जाता है। भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी ने भी मोदी की पोस्ट साझा करते हुए लिखा, ‘‘जब पूरी दुनिया जीटीए 6 का इंतजार कर रही थी, तब ‘टीम इंडिया’ ने बड़ी छलांग लगाई। उसने हर बड़े सपने को हकीकत में बदलकर लक्ष्य हासिल किया।’’ भाजपा के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से ‘जीटीए 6?
नहीं, जीटीए: संप्रग का दौर!’ शीर्षक से एक वीडियो पोस्ट किया गया। इसमें ‘संप्रग का घोटाला युग’ और ‘2004-14’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया। वीडियो के कैप्शन में लिखा था, ‘‘खेल की दुनिया वही, लेकिन लूट अलग।
2004 से 2014 के बीच घोटाले कोई गेम मिशन नहीं, बल्कि घोषणापत्र थे।’’ पोस्ट के अंत में लिखा गया, ‘‘बड़े पैमाने पर घोटालों के लिए एम रेटिंग।’’ भाजपा की गोवा इकाई ने भी जीटीए की थीम पर एक वीडियो साझा किया। इसके कैप्शन में लिखा, ‘‘जहां जीटीए 6 आभासी रोमांच का वादा करता है, वहीं गोवा में राजनीतिक विपक्ष की अपनी अलग ही पैसे वाली कहानी नजर आती है।’’ भाजपा के राज्यसभा सदस्य विनोद तावड़े ने ‘एक्स’ पर लिखा कि जीटीए 6 ने कथित तौर पर सिर्फ ‘प्री-ऑर्डर’ से 1.5 अरब डॉलर से अधिक की कमाई की है। उन्होंने कहा, ‘‘इस गेम के पीछे ऐसे लेखक हैं, जो कल्पनाएं करते हैं; कलाकार हैं, जो डिजाइन तैयार करते हैं; इंजीनियर हैं, जो निर्माण करते हैं; संगीतकार हैं, जो धुनें तैयार करते हैं और परखने वाले लोग हैं, जो हर चीज को बेहतर बनाते हैं।
हमारे युवाओं में भी यही प्रतिभा और रचनात्मक ऊर्जा है। मुंबई स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजी जैसे संस्थान अब गेमिंग, एनीमेशन और विजुअल इफेक्ट्स के पाठ्यक्रम उपलब्ध करा रहे हैं। युवाओं के सामने अवसरों की पूरी दुनिया है।
रचनात्मकता ही आर्थिक ताकत है।’’ वहीं, कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को जीटीए 6 के लॉन्च का जिक्र करने को लेकर प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसा। पार्टी ने कहा कि यह बिल्कुल उचित है, क्योंकि इस वीडियो गेम की कहानी ‘अपराध करने वाले एक जोड़े’ के इर्द-गिर्द घूमती है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री युवाओं तक पहुंचने की बेताब कोशिश में सोशल मीडिया पर जीटीए 5 और जीटीए 6 की तस्वीरों और प्रतीकों का सहारा ले रहे हैं।’’ उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘याद कीजिए, इस वीडियो गेम की कहानी अपराध करने वाले एक जोड़े के इर्द-गिर्द घूमती है।
ऐसे में यह संदर्भ कितना उपयुक्त है।’’ ‘ग्रैंड थेफ्ट ऑटो’ (जीटीए) 6 एक एक्शन-एडवेंचर वीडियो गेम है, जिसे रॉकस्टार गेम्स ने विकसित और प्रकाशित किया है। इसे बृहस्पतिवार को दुनियाभर में लॉन्च किया गया। इसके साथ ही 2013 में आए ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 5 के बाद इस गेम शृंखला की नयी कड़ी सामने आई है।
अन्य न्यूज़














