Dehradun में 1.8 करोड़ के लोन पर 9 लाख रिश्वत मांगने वाला Bank Manager और दो एजेंट अरेस्ट

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने देहरादून के इंदिरा नगर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक और दो बिचौलियों को ऋण मंजूरी के एवज में रिश्वत लेने के आरोप में पकड़ा है। आरोपियों ने 1.8 करोड़ रुपये का कर्ज पास कराने के लिए पांच प्रतिशत कमीशन मांगा था। जांच एजेंसी ने पचास हजार रुपये की पहली किस्त लेते हुए एक एजेंट को रंगे हाथों धर दबोचा।
बैंक ऑफ बड़ौदा के एक शाखा प्रबंधक और दो बिचौलियों को एक आवेदक का ऋण मंजूर करने के बदले कमीशन मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। सीबीआई ने एक शिकायत के आधार पर 18 नवंबर को देहरादून में बैंक की इंदिरा नगर शाखा के प्रबंधक और ‘डायरेक्ट सेलिंग एजेंट’ (डीएसए) के तौर पर काम करने वाले दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि 1.8 करोड़ रुपये के ऋण को मंजूर कराने और उसका भुगतान कराने के बदले में, उन्होंने कर्ज की रकम का पांच प्रतिशत रिश्वत के तौर पर मांगा। यह पांच प्रतिशत रकम नौ लाख रुपये बनती है। बयान में कहा गया, “आरोपियों के निर्देश पर शिकायतकर्ता ने उन्हें 3.8 लाख रुपये और 2.2 लाख रुपये (कुल 6 लाख रुपये) के दो बिना तारीख वाले चेक दिए और बताया कि 50,000 रुपये नकद दिए जाएंगे।” सीबीआई ने 18 नवंबर को एक जाल बिछाया और 50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए एक डीएसए को रंगे हाथों पकड़ लिया।
इसके बाद, इस मामले में कथित संलिप्तता के लिए आरोपी शाखा प्रबंधक और एक अन्य डीएसए को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
अन्य न्यूज़














