Chamoli सुरंग हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 7 हुई, 3 लापता लोगों की तलाश

Chamoli Tunnel
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

उत्तराखंड के चमोली जिले में विष्णुगाड-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में मलबा और पानी भरने से सात श्रमिकों की मौत हो गई। हादसे के समय सुरंग के भीतर 22 लोग मौजूद थे, जिनमें से 19 को बाहर निकाला गया है और तीन लापता कर्मियों की तलाश जारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आईटीबीपी की टीमें बचाव अभियान चला रही हैं।

उत्तराखंड के चमोली जिले में ‘टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉरपोरेशन’ (टीएचडीसी) की विष्णुगाड-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में पानी और मलबा घुसने से मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर सात हो गई है और लापता तीन लोगों की तलाश जारी है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एन के जोशी ने बताया कि हादसे के समय सुरंग में कुल 22 लोग मौजूद थे।

उन्होंने बताया कि रात भर चले राहत एवं बचाव अभियान के दौरान 19 लोगों को बाहर निकाला गया जिनमें से सात की मौत हो गई और तीन लापता लोगों की तलाश जारी है। यह हादसा मायापुर (पीपलकोटी) स्थित परियोजना की सुरंग में हुआ। भूस्खलन और भूधंसाव के कारण सुरंग के लगभग आधे हिस्से में मलबा और पानी भर गया था, जिससे वहां काम कर रहे लोग फंस गए थे।

इसे भी पढ़ें: Chamoli सुरंग हादसे पर Hemant Soren ने CM Pushkar Dhami से बात कर श्रमिकों का हाल जाना

घायलों को उपचार के लिए गोपेश्वर स्थित जिला चिकित्सालय ले जाया गया है। चिकित्सक और स्वास्थ्य विभाग के दल उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रख रहे हैं। जिला प्रशासन ने बताया कि घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग के लिए सुरंग में गए छह बचावकर्मी सुरक्षित हैं।

इसे भी पढ़ें: Chamoli tunnel हादसे में 6 श्रमिकों की मौत हुई, 14 घायल; राहत कार्य में जुटी NDRF

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), पुलिस तथा अन्य तकनीकी एवं विशेषज्ञ दल राहत और बचाव अभियान में जुटे हुए हैं। सुरंग में मलबा और पानी भरा होने के कारण अभियान सावधानी के साथ चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी गौरव कुमार घटनास्थल पर मौजूद रहकर बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

उन्होंने लापता लोगों की तलाश के लिए सभी आवश्यक संसाधनों और तकनीकी सहायता का इस्तेमाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर चिंता जताते हुए सभी एजेंसियों को युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़