Jammu Kashmir में बदलाव विकसित भारत के लक्ष्य को देगा मजबूती, Jitendra Singh ने बताया

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा है कि अनुच्छेद-370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में लोगों की सोच और युवाओं के आत्मविश्वास में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने बताया कि यह सकारात्मक माहौल 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के विजन में अहम भूमिका निभाएगा। पिछले 40 वर्षों में इस बार का अक्टूबर ऐसा पहला महीना रहा जब सीआरपीएफ का कोई जवान शहीद नहीं हुआ।

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि अनुच्छेद-370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में जो बदलाव आया है, उसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व को जाता है। सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में लोगों की सोच बदल रही है, युवाओं की आकांक्षाएं बढ़ रही हैं और उनमें एक नया आत्मविश्वास पैदा हुआ है, जो 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनने के भारत के सफर में योगदान देगा। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर एक बेहतर दौर में प्रवेश कर रहा है और यह ‘विकसित भारत 2047’ के दृष्टिकोण को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगा।

सिंह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी समारोह के तहत चाणक्य वार्ता प्रकाशन समूह की ओर से प्रकाशित पुस्तक ‘जम्मू-कश्मीर: चुनौतियां और संघर्ष’ के विमोचन के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा, “सबसे बड़ी बात यह है कि सोच बदल रही है। जब लोगों को समान अधिकार मिलते हैं, तो हमारे बच्चों को लगने लगता है कि वे भी कुछ हासिल कर सकते हैं।” सिंह ने जम्मू-कश्मीर में बदलाव का श्रेय मोदी के नेतृत्व को दिया।

उन्होंने कहा कि अनुच्छेद-370 के खिलाफ आंदोलन दशकों तक जीवित रहा और प्रधानमंत्री (मोदी) के कार्यकाल में ही इसका समापन संभव हो सका। सिंह ने कहा, “मोदी जी के नेतृत्व में ये बदलते हालात कुछ हद तक इसलिए संभव हो पाए, क्योंकि हम इस आंदोलन को तब तक (अनुच्छेद-370 को हटाए जाने तक) जीवित रखने में कामयाब रहे।” केंद्रीय मंत्री ने पांच अगस्त 2019 को अनुच्छेद-370 को हटाए जाने के घटनाक्रम को याद करते हुए कहा कि उन्होंने संसद में कहा था कि सदन के सदस्य सौभाग्यशाली हैं कि वे एक ऐतिहासिक पल के साक्षी बने। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में आए बदलाव सुरक्षा स्थिति के साथ-साथ वहां के लोगों के बढ़ते आत्मविश्वास में भी दिखाई देते हैं।

सिंह ने कहा, “इस साल अक्टूबर का महीना पिछले लगभग 40 वर्षों में पहला ऐसा अक्टूबर महीना रहा, जब केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का एक भी जवान शहीद नहीं हुआ।” उन्होंने कहा कि सबसे उत्साहजनक बदलाव दूर-दराज के इलाकों के युवाओं में आकांक्षाओं का पैदा होना है। सिंह ने कहा, “जब समान अधिकार मिलते हैं, तो हमारे बच्चों को लगने लगता है कि वे भी यह कर सकते हैं। यह उन आकांक्षाओं और आत्मविश्वास की वजह से संभव हुआ है, जो बदलती परिस्थितियों के कारण पैदा हुए हैं।” उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर का विकास बुनियादी ढांचे के विस्तार में भी झलकता है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़